– गुगलडोह में आरोपी किसान को हिरासत में लिया, ट्रैक्टर और अन्य सामग्री जब्त
नागपुर/ रामटेक :- खेत के चारों ओर अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर एक बाघ की शिकार करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामटेक वन परिक्षेत्र के गुगलडोह (घोगरा) गांव में हुई इस घटना में आरोपी किसान ने पकड़े जाने के डर से बाघ के शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया था। वन विभाग की जांच में मामला उजागर होने के बाद आरोपी किसान को हिरासत में लिया गया है। घटनास्थल से बाघ का शव निकालने के साथ ही शिकार में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और अन्य सामग्री जब्त की गई है। इस मामले में वन विभाग के अलावा महावितरण की शिकायत पर पुलिस ने भी अलग से मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, नागपुर वन विभाग के रामटेक वन परिक्षेत्र अंतर्गत उपवन क्षेत्र रामटेक और नियत क्षेत्र घोगरा में यह घटना हुई। गुप्त सूचना के आधार पर उपवनसंरक्षक डॉ. विनीता व्यास के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने गुगलडोह निवासी किसान रविशंकर रामधर जिझोते (48) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी के बयान के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को उसने गुगलडोह स्थित अपने खेत (भूमापन क्रमांक 231) में खूंटियां गाड़कर जीआई तारों का घेरा बनाया था। इस घेरे में उसने अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। अगले दिन 22 नवंबर को सुबह करीब 8 से 8.30 बजे खेत का निरीक्षण करने पर उसे तारों के घेरे में एक बाघ मृत अवस्था में मिला। कार्रवाई के डर से उसने बाघ के शव को ट्रैक्टर की मदद से घसीटकर खेत में कुएं के पास ले गया और वहां गड्ढा खोदकर दफना दिया।
ट्रैक्टर समेत शिकार की सामग्री भी की जब्त
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जमीन में दफन बाघ के शव को बाहर निकाला। कार्रवाई के दौरान शिकार में इस्तेमाल की गई 14 खूंटियां, करीब दो किलो जीआई तार, एक फावड़ा, टू-कोर वायर और बाघ का शव ले जाने में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर जब्त किया गया।
एनटीसीए के नियमों के तहत किया बाघ का अंतिम संस्कार
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की मानक कार्यप्रणाली के अनुसार मृत बाघ का पोस्टमार्टम कर उसका दहन किया गया। इस दौरान उपवनसंरक्षक डॉ. विनीता व्यास, सहायक वनसंरक्षक गोविंदा लुचे, मानद वन्यजीव रक्षक एवं एनटीसीए प्रतिनिधि अविनाश लोंढे, मानद वन्यजीव रक्षक अजिंक्य भटकर, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनकुसरे और डॉ. रामटेके, प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (वन्यजीव) के प्रतिनिधि तथा सातपुड़ा फाउंडेशन के मंदार पिंगले उपस्थित थे।
इस मामले में रामटेक वन परिक्षेत्र कार्यालय की ओर से अवैध वन्यजीव शिकार का अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, खेत में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करने के मामले में महावितरण की ओर से रामटेक पुलिस थाने में अलग से शिकायत दर्ज कराई गई है। उपवनसंरक्षक डॉ. व्यास के मार्गदर्शन में सहायक वनसंरक्षक गोविंदा लुचे, वनपरिक्षेत्र अधिकारी राहुल शिंदे और वन विभाग की टीम आगे की जांच कर रही है।






