नागपुर :- उपराजधानी नागपुर में पत्नी के चरित्र पर संदेह ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। यशोधरानगर थाना क्षेत्र के बिनाकी मंगलवारी इलाके में घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी ही पत्नी के सिर पर हथौड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पूजा नीरज आमडे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पति नीरज कैलाश आमडे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे आरोपी नीरज आमडे और उसकी पत्नी पूजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि नीरज अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। घटना वाले दिन विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपना आपा खो दिया और हथौड़ी उठाकर पत्नी पूजा के सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले में पूजा गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल महिला को तत्काल मेयो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही यशोधरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति नीरज कैलाश आमडे को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।






