spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

पत्नी की गला दबाकर हत्या का प्रयास

– पति सहित 5 गिरफ्तार, शिरजगांव कसबा की घटना

अमरावती :- शिरजगांव कसबा में मंगलवार 27 नवंबर की देर रात शराब के नशे में धुत पति ने अपने परिवार के चार अन्य सदस्यों के साथ मिलकर शिक्षिका पत्नी पर जानलेवा हमला किया और गला दबाकर उसकी हत्या का प्रयास किया। इस सनसनीखेज घटना से परिसर में खलबली मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पति सहित पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम पीड़िता का पति वसीम उर्फ गोलू खान मजीद खान (32), उसकी सास (52), ससूर मजीद खान रशीद खान (55), ननद (36) और नंदोई हारून शेख (40, सभी निवासी सावंगा आसरा) हैं। जानकारी के अनुसार घायल पीड़िता शिरजगाव कसबा के हाजी शकूर उर्दू हायस्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत है। वह अपने पति एवं आरोपियों के साथ शिरजगांव कसबा स्थित रहेमत नगर में एहसान उद्दीन काजी के घर किराए से रहती थी। आरोपी पति वसीम को शराब पीने की बुरी लत थी। वह अक्सर पत्नी से शराब के लिए पैसे मांगता था और पैसे न देने पर उसके साथ मारपीट करता था। अन्य आरोपी भी पीड़िता से पैसों को लेकर लगातार विवाद करते रहते थे। इसी बात को लेकर 27 नवंबर की रात सभी आरोपियों ने मिलकर झगड़ा खड़ा किया। आरोपी पति ने पहले पीड़िता को बेरहमी से पीटा और बाद में उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिश की। शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया और बेहोश हालत में पड़ी शिक्षिका को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलते ही शिरजगांव कसबा पुलिस मौके पर पहुंची तथा अस्पताल में पीड़िता का बयान दर्ज किया। बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Popular Articles