– सांड पानी निकासी की समस्या बढ़ी
निर्माण कार्य के गुणवत्ता पर सवाल, उठी जांच की मांग
यासीन शेख, गोंदिया :- गोरेगांव नगर पंचायत के अंतर्गत आने वाले प्रभाग क्रमांक 14 में इन दिनों सांड पानी की निकासी की समस्या गंभीर रूप लेती जा रही है। हाल ही में यहां नाली निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन कार्य में उचित नियोजन का अभाव होने के कारण यह नाली अब प्रभागवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र के प्रभाग 14 में सांसद प्रफुल्ल पटेल के निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से करीब 130 मीटर लंबी नाली का निर्माण हाल ही में किया गया है। हालांकि निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद सांड पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई है। परिणामस्वरूप लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाली में जमा होने लगा है और कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति बन रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान ठेकेदार द्वारा कार्य की केवल औपचारिकता निभाई गई है यहां आने वाले दिनों में होने वाली परेशानी पर ध्यान नहीं दिया था है और नाली निर्माण को अधूरा छोड़ दिया गया। इतना ही नहीं, नाली के ढक्कन के लिए मजबूत सामग्री का उपयोग करने के बजाय बांस का इस्तेमाल किया गया है, जिस कारण निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में संबंधित अभियंता की भूमिका पर भी प्रभागवासियों ने सवाल खड़े किए हैं।
उल्लेखनीय है कि नाली निर्माण के समय ही प्रभागवासियों ने इस नई नाली को पुराने नाले से जोड़ने की मांग की थी, ताकि सांड पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और भविष्य में जल जमाव की समस्या उत्पन्न न हो। लेकिन उस समय नागरिकों की मांगों को नजरअंदाज कर दिया गया। अब वही अधूरा निर्माण कार्य नागरिकों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
गंदे पानी के जमाव के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलने लगी है और इससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
इस समस्या को देखते हुए प्रभागवासियों ने मांग की है कि जब तक नाली निर्माण कार्य पूरी तरह से पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक संबंधित ठेकेदार का बिल रोका जाए। साथ ही पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में नगर पंचायत के अभियंता आरिफ शेख ने बताया कि नाली निर्माण कार्य को पूर्ण करने का प्रावधान कार्य योजना में शामिल है। हालांकि नाली को आगे जोड़ने के कार्य में कुछ स्थानों पर अतिक्रमण बाधा बन रहा है। फिलहाल इस निर्माण कार्य का बिल रोक दिया गया है और जांच पूरी होने के बाद ही बिल का भुगतान किया जाएगा।
प्रभागवासियों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान करे, ताकि क्षेत्र में सांड पानी निकासी की व्यवस्था सुचारू हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।




