– करीब 5 हजार विद्यार्थियों ने एक स्वर में किया सामूहिक गायन
नागपुर :- ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने और नागपुर महानगरपालिका के 75वें वर्ष के अवसर पर चिटणीस पार्क में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नागपुर महानगरपालिका के मनपा स्कूलों के करीब 5 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर नीता ठाकरे और महानगरपालिका आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन से हुआ। दोनों ने विद्यार्थियों को ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक महत्व, राष्ट्र प्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। सामूहिक गायन के दौरान पूरा चिटणीस पार्क देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। महापौर ठाकरे ने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्र प्रेम और देश के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वराज्य के साथ सुराज्य को बनाए रखना और देश को निरंतर प्रगतिशील बनाना भी महत्वपूर्ण है। महापौर ने ‘वंदे मातरम्’ को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और देश के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक बताया। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्स्फूर्त भागीदारी और अनुशासन की सराहना की।
संतोष देवी लढ्ढा की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम की संकल्पना और तैयारियों में नागपुर महानगरपालिका की शिक्षण सभापति संतोष देवी दीपक लढ्ढा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत माता के प्रति श्रद्धा, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, देशप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, बंडू राऊत, संजय बालपांडे, डॉ. मेघना वासनकर, वंदना महाजन, सुभाष उपासे, डॉ. पीयूष अंबुलकर, धनश्री देशपांडे, ए.सी. बावनकर, वैशाली उदापुरकर, विद्या ताई, वर्षा डोंगरे, मानसी, संजय चावरे और अंकित चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिक्षण अधिकारी वंदना महाजन ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में करीब 5 हजार विद्यार्थियों का एक साथ ‘वंदे मातरम्’ गायन प्रमुख आकर्षण रहा।





