Home Blog Page 11

बस में भीड़ का फायदा उठाकर 16.24 लाख का सोने उड़ाया

0

नागपुर :- प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एसटी बस में भीड़ का फायदा उठाकर 60 वर्षीय महिला के पर्स से 16 लाख 24 हजार रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। स्नेहनगर बस स्टैंड से वर्धा जाते समय यह वारदात हुई। महिला की शिकायत पर प्रतापनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अरुणा दिलीप सावजी (60) स्नेहनगर बस स्टैंड से शिवाई एसटी बस में सवार होकर वर्धा जा रही थीं। बस में काफी भीड़ थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके पर्स में रखी जेवरों की छोटी पर्स चोरी कर ली। चोरी हुए आभूषणों में 20 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, 20 ग्राम का नेकलेस, 6 ग्राम के कान के टॉप्स और 70 ग्राम की चार सोने की चूड़ियां शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत 16 लाख 24 हजार रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी होने के बाद महिला ने प्रतापनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस में लगे संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

रोशिबिना देवी ने वुशु में जीता सिल्वर

0

– लगातार तीसरे एशियन गेम्स में पदक, रोइंग में सतनाम-सलमान की जोड़ी ने जीता ब्रॉन्ज

नई दिल्ली :- एशियन गेम्स के पांचवें दिन गुरुवार को भारतीय वुशु खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग में रजत पदक जीता। फाइनल मुकाबले में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही रोशिबिना ने एशियन गेम्स में लगातार तीसरी बार पदक जीतने की उपलब्धि हासिल की।

रोशिबिना एशियन गेम्स में लगातार तीन पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला वुशु खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने 2018 के जकार्ता एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। अब उन्होंने तीसरे एशियन गेम्स में भी पदक जीतकर अपनी उपलब्धि में एक और अध्याय जोड़ दिया।

रोइंग में सतनाम और सलमान को कांस्य:

रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की भारतीय जोड़ी ने पुरुष डबल्स स्कल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। दोनों ने 6 मिनट 13.25 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

किसान परिवार से निकलीं रोशिबिना:

नाओरेम रोशिबिना देवी मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के क्वासिफाई गांव के किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने इम्फाल स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) केंद्र में कोच मैबाम प्रेमकुमार सिंह के मार्गदर्शन में महिला सांडा के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रशिक्षण लिया है। रोशिबिना को खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा इंटरनेशनल वुशु फेडरेशन (आईडब्लूयूएफ) ने उन्हें 2023 में फीमेल वुशु एथलीट ऑफ द ईयर (सांडा) के खिताब से भी नवाजा था।

भारत के खाते में 14 पदक

इन उपलब्धियों के साथ भारत के एशियन गेम्स में अब तक 14 पदक हो गए हैं। इनमें 1 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल 14वें स्थान पर है।

पिंडकेपार जांच अटकी, दो दिन में जांच करे नहीं तो आंदोलन!

0

23 सितंबर की जांच में अधिकारी नहीं पहुंचे, जांच दल पर संदेह

देवेन्द्र दमाहे :- पिंडकेपार ग्राम पंचायत में ग्रामसभा विवाद और विकास कार्यों से जुड़े मामले की 23 सितंबर को प्रस्तावित जांच नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पिंडकेपार निवासी सुरेंद्र गेडाम ने आरोप लगाया कि पंचायत समिति के गटविकास अधिकारी के निर्देशानुसार जांच होनी थी, लेकिन जांच अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे।

गेडाम के अनुसार, अधिकारी से फोन पर संपर्क करने पर बताया गया कि, आज हमारा प्रशिक्षण है, इसलिए हम बाहर जा रहे हैं। गेडाम ने जांच स्थगित होने की लिखित सूचना मांगी, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई पत्र नहीं दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि 23 सितंबर की जांच आखिर क्यों नहीं हुई और क्या किसी के दबाव में जांच रोकी गई? कुछ ग्रामीणों ने भी किसी को बचाने की आशंका जताई है। आर्थिक लेन-देन की आशंका संबंधी चर्चाएं भी हैं।

इधर सरपंच शालिनी राऊत ने पंचायत की बदनामी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। गेडाम का कहना है कि विकास कार्यों की जानकारी मांगना और सवाल उठाना नागरिकों का अधिकार है।

दो दिन का अल्टीमेटम

गेडाम ने चेतावनी दी कि दो दिनों में जांच शुरू नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो पंचायत समिति के बीडीओ कक्ष में ठिया आंदोलन किया जाएगा।

अब जिला परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों और मुख्य कार्यकारी अधिकारी की भूमिका पर ग्रामीणों की नजर है। जांच कब होगी और जांच में देरी का वास्तविक कारण क्या है, यह प्रशासन की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।

KYC के नाम पर किसान, महिलाओं व छात्र परेशान

0

– बैंक ऑफ महाराष्ट्र गोरेगांव शाखा में भीड़ और असुविधा का आलम

गोंदिया :-  बैंक ऑफ महाराष्ट्र की गोरेगांव शाखा में पिछले कुछ दिनों से केवाईसी कराने के लिए आने वाले किसान, महिलाएं, छात्र छात्राएं व ग्रामीण आम जनता को परेशानी होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। बायोमेट्रिक एवं फिंगरप्रिंट के माध्यम से केवाईसी प्रक्रिया होने के कारण दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में नागरिक शाखा पहुंच रहे हैं।

आम जनता का आरोप है कि लंबी कतारों के बावजूद पर्याप्त बैठने की व्यवस्था और व्यवस्थित प्रक्रिया का अभाव है।बारिश के मौसम में दूर से आने वाले नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ खातेदारों ने बैंक कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। केवाईसी के लिए कितने खाते लंबित हैं? प्रतिदिन कितने खातेदारों की केवाईसी हो रही है? नागरिकों के लिए अतिरिक्त काउंटर अथवा सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं कराई जा रही? ऐसे सवाल अब नागरिकों द्वारा उठाए जा रहे हैं।

बैंक प्रशासन एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की दखल लेकर केवाईसी प्रक्रिया को सरल और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाएंगे क्या? इस ओर ग्रामीण खातेदारों का ध्यान लगा हुआ है।

बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा भारी

0

– 10 स्कूल बसें जब्त, 44 वाहनों के परमिट-पंजीयन रद्द

नागपुर :- विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने शहर में स्कूल बसों की जांच तेज कर दी है। पिछले एक वर्ष में विभाग ने 1,729 स्कूल बसों की जांच की, जिसमें 277 वाहन मोटर वाहन अधिनियम और संबंधित नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ ई-चालान समेत अन्य कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, वाहन की तकनीकी स्थिति, निर्धारित सीट क्षमता और बस में ले जाए जा रहे विद्यार्थियों की संख्या समेत विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कुछ बसों में वैध फिटनेस प्रमाणपत्र के बिना विद्यार्थियों को ले जाते हुए पाया गया। गंभीर खामियां मिलने पर 10 स्कूल बसों को जब्त किया गया, जबकि नियमों का पालन नहीं करने वाले 44 स्कूल वाहनों के परमिट और पंजीयन स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए।

स्कूल बसों में नए सुरक्षा उपकरण अनिवार्य

16 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के तहत स्कूल बसों में अतिरिक्त सुरक्षा उपकरण लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके अनुसार बसों में पैनिक बटन, वाहन लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी), सीसीटीवी कैमरे तथा अग्नि पहचान एवं चेतावनी प्रणाली लगानी होगी। स्कूल बस संचालकों को इन उपकरणों की स्थापना और उन्हें चालू करने के लिए तीन महीने की समयसीमा दी गई है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों की यात्रा के दौरान निगरानी मजबूत करना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी किरण बिडकर ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाली स्कूल बसों के खिलाफ ई-चालान, जब्ती और परमिट रद्द करने जैसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

रूफटॉप रेस्टोरेंट में हुक्का पार्लर पर छापा

0

– मालिक और मैनेजर पर मामला दर्ज

नागपुर :- सीताबर्डी के कॉफी हाउस चौक के पास स्थित रूफटॉप रेस्टोरेंट में बिना अनुमति हुक्का चलाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हुक्का पीने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। इस मामले में रेस्टोरेंट के मालिक और मैनेजर के खिलाफ सीताबर्डी थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान वैशालीनगर निवासी ऋत्विक जितेंद्र भावसार और गवलीपुरा, धरमपेठ निवासी नितेश धर्मेंद्र पटेल के रूप में हुई है।

परिमंडल-2 की पुलिस उपायुक्त अन्नपूर्णा सिंह के दस्ते को मिली सूचना के आधार पर मंगलवार को ‘डी मार्टिनी लाउंज’ रूफटॉप रेस्टोरेंट में जांच की गई। पुलिस की भनक लगते ही वहां हुक्का पी रहे कुछ ग्राहक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान 12 कांच के हुक्का पॉट, विभिन्न रंगों के रबर पाइप, चिलम, 22 प्लास्टिक फिल्टर और अलग-अलग फ्लेवर के तंबाकू जन्य पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। सीताबर्डी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामपुरी फाटा के पास झाड़ियों में मिला शव

0

– खेत से पैदल घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को मारी टक्कर

नागपुर/सावनेर :-  केलोद थाना क्षेत्र के रामपुरी फाटा के पास मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान देशमुख कॉलोनी, केलोद, तह.सावनेर, जि.नागपुर निवासी तुकाराम नत्थूजी मोरांडे (60) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, तुकाराम मोरांडे खेत से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुरी फाटा के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वे करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी एवं हितज्योति आधार फाउंडेशन के हितेश बंसोड़ ने केलोद पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक आशीष सिंह ठाकुर को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल तुकाराम मोरांडे को उपचार के लिए सावनेर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सावनेर सरकारी अस्पताल भेज दिया है। केलोद पुलिस हादसे में शामिल वाहन की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के लिए आगे की जांच कर रही है।

शहर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश

0

– एमपी के दो आरोपी गिरफ्तार, छह दुपहिया वाहन बरामद

नागपुर :- क्राइम ब्रांच की यूनिट-5 ने अंतरराज्यीय दुपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में गिरोह का एक आरोपी फरार है।

पुलिस के अनुसार, 14 मई की रात जरीपटका थाना क्षेत्र के सीएमपीडीआई रोड स्थित रिलायंस जियो मार्ट के सामने से सुजुकी एक्सेस चोरी हुई थी। इस संबंध में जरीपटका थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। क्राइम ब्रांच यूनिट-5 ने मामले की समानांतर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई क्षेत्र में होने की गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धनंजय जगने और राकेश चौधरी, दोनों निवासी कुरई, जिला सिवनी, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छह चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, इनमें नागपुर के जरीपटका तथा मध्यप्रदेश के सिवनी थाना क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। इस मामले में प्रजीत नामक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों को बरामद वाहनों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जरीपटका पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी को 18 माह की सजा

0

नागपुर :- एमआईडीसी थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से अश्लील हरकत और धमकी देने के मामले में अदालत ने आरोपी विजय चिंतामणराव मोडे (46) को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट, नागपुर के न्यायाधीश एन.आर.तलेकर ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत 18 महीने की सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना नहीं भरने पर एक महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

मामला 25 फरवरी 2023 का है। 15 वर्षीय किशोरी घर के पास पानी का टैंकर आने पर पानी भर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकत कर छेड़छाड़ की और धमकी दी। शिकायत के बाद एमआईडीसी पुलिस ने मामला दर्ज कर 26 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार किया था। अदालत ने भादंवि की धारा 354 (अ) और 506 के तहत भी आरोपी को एक वर्ष की सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। मामले में सरकारी वकील एड. शाहजहान शेख ने पैरवी की।

भांडेप्लॉट में अवैध शराब का धंधा बेनकाब

0

– 25 हजार की देसी-विदेशी शराब जब्त

नागपुर :- भांडेप्लॉट के सेवादल नगर इलाके में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस आयुक्त के एस्कॉर्ट दस्ते ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से देसी-विदेशी शराब और नकदी समेत कुल 25 हजार 70 रुपए का माल जब्त किया गया। मामले में सक्करदरा थाने में महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

मंगलवार रात पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल के एस्कॉर्ट दस्ते की टीम शहर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि संदीप सूर्यभान उरकुडे (42) सेवादल नगर स्थित अपने घर से अवैध रूप से देसी-विदेशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर एपीआई भगवान कोली ने सक्करदरा पुलिस की टीम को मौके पर बुलाया। पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी लेने पर 15 हजार 270 रुपए की विदेशी शराब, 8 हजार रुपए कीमत की संत्रा देसी शराब की 200 बोतलें और 1 हजार 800 रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने कुल 25 हजार 70 रुपए का माल जब्त किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक प्रमुख एपीआई भगवान कोली, पीएसआई चेतन सिंह राजपूत और उनकी टीम ने की।